ठाणे
वैश्विक महामारी कोरोना ने ठाणे मनपा की आर्थिक स्थिति को बिगाड़ कर रख दिया था। इस वजह से ठाणेवासी भी परेशान रहे। ऐसी स्थिति में इस साल संपत्ति कर माफ करने की मांग भी की गई थी। इन सभी के बीच मनपा के संपत्ति कर विभाग ने अब तक 322.25 करोड़ रुपए की कर वसूली की है। कोरोना काल में भी नागरिकों ने मनपा की आर्थिक स्थित को सुधारने के लिए संपत्तिकर भरने से नहीं चुके। जानकारी के अनुसार ठाणे मनपा क्षेत्र के कुल पांच लाख 26 हजार करदाताओं ने संपत्ति करों का भुगतान किया है। वहीं बीते साल के कर वसूली पर नजर डाले तो, इस समय तक मनपा ने 350 करोड़ रुपए संपत्ति कर वसूल किया था। ज्ञात हो कि वैश्विक बीमारी कोरोना के चलते मनपा की आर्थिक स्थिति पटरी से उतर गई थी। इस दौरान संपत्ति कर के साथ अन्य करों की वसूली रुक गई थी। इसका असर शहर में शुरू विकास कामों पर पड़ा है। मनपा तिजोरी में पैसे न होने के चलते विकास कार्यों को करने वाले ठेकेदारों के भी बिल अदायगी को प्रशासन ने रोक दिया था। लॉकडाऊन समाप्त होने के बाद धीरे-धीरे जैसे ही मनपा की आर्थिक स्थिति पटरी पर आने लगी, वैसे ही ठेकेदारों के बिलों की अदायगी शुरू कर दी गई। बीते महीने में पानी के बकाया बिल की भी वसूली अच्छी हुई है।
Post a comment