पालघर के सागर में नाव का इंजन हुआ था फेल
मुंबई
पालघर जिले के समुद्री तट के निकट समुद्र में फंसे सतपती गांव के चार मछुआरों को करीब 50 घंटे बाद सुरक्षित बचा लिया गया है। वे मछली पकड़ने वाली अपनी नौका के इंजन में गड़बड़ी तथा खराब मौसम के कारण समुद्र में फंस गए थे। पालघर के पुलिस अधीक्षक दत्तात्रय शिंदे ने बताया कि चार मछुआरे 'अग्निमाता' नौका से गुरुवार सुबह छह बजे मछली पकड़ने समुद्र में निकले थे। उन्हें उसी दिन शाम छह बजे तक लौट आना था, लेकिन उनके नहीं लौटने पर स्वजनों की रिपोर्ट पर सर्च आपरेशन चलाया गया। बचाव दल द्वारा पास के गांव से दो नौकाएं उनकी तलाश में भेजी गईं, लेकिन उनके प्रयास सफल नहीं रहे। समुद्र से एक अन्य नौका से सूचना मिली थी कि मछुआरों की नौका के इंजन में खराबी आ गई है और तेज हवाओं के कारण फंस गई है। नौका पर न तो वायरलेस सेट था और न ही मछुआरों के पास मोबाइल फोन था, इसलिए उन्हें तलाशने में परेशानी आ रही थी। इसके बाद महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड, कोस्ट गार्ड, नौसेना, मुंबई पुलिस तथा गुजरात की एजेंसियों से संपर्क किया गया। शनिवार सुबह छह बजे नए सिरे से तलाशी अभियान शुरू हुआ और आखिरकार 10 बजे 'अग्निमाता' को खोज लिया गया। सभी मछुआरे स्वस्थ हैं।
Post a comment