लखनऊ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे सादिक के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि सामाजिक सद्भावना और भाईचारे के लिए उन्होंने उल्लेखनीय प्रयास किया। इससे पहले सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी धर्मगुरु के निधन पर शोक जताया। सपा प्रमुख अखिलेश और बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी मौलाना के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं जाने-माने शिया धर्मगुरु सादिक का मंगलवार देर रात लखनऊ में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष रहे मौलाना कल्बे सादिक के निधन से अत्यंत दुख हुआ। उन्होंने सामाजिक सद्भावना और भाईचारे के लिए उल्लेखनीय प्रयास किया। उनके परिजनों और चाहने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे सादिक के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सभी धर्मों के प्रति गहरा लगाव था और उनका निधन समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने भी मौलाना सादिक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मौलाना के साथ अपनी तस्वीर को ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा कि जनाब कल्बे सादिक के निधन का दुखद समाचार मिला। वह शिया समाज के प्रमुख धार्मिक नेता ही नहीं बल्कि मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष भी थे।
Post a comment