भाजपा का विरोध किए बिना राउत को नींद नहीं
मुंबई
मंगलवार को कोल्हापुर में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने शिवसेना सांसद संजय राउत पर पलटवार करते हुए कहा कि जब तक राउत दिन में दस बार भाजपा के खिलाफ बयानबाजी नहीं करते, उन्हें रात को नींद नहीं आती। राज्य में महिला मुख्यमंत्री को लेकर चल रही चर्चा पर पाटिल ने कहा कि अगर भविष्य में कभी राकांपा का मुख्यमंत्री बनाने का समय आएगा तो शरद पवार अपनी बेटी सुप्रिया सुले को मुख्यमंत्री बनाएंगे, क्योंकि जब उन्हें उप मुख्यमंत्री बनाने का समय आया तो अजित पवार के पार्टी विरोधी काम करने के बावजूद उन्होंने जयंत पाटिल की जगह अजित पवार को ही चुना। इससे स्पष्ट हो गया कि भविष्य में राकांपा में राजनीतिक आंदोलन जरूर होगा।
पाटिल ने आगे कहा कि अजित पवार का संबंध अपने चाचा शरद पवार के साथ अच्छा होने के बावजूद उन्होंने पिछले साल तीन दिनों के लिए अपने चाचा को छोड़ दिया था। भविष्य में अगर भाजपा और राकांपा का गठबंधन होता है तो क्या भाजपा मुख्यमंत्री पद के लिए सुप्रिया सुले का समर्थन करेगी? इस सवाल पर पाटिल ने कहा कि सुप्रिया सुले को समर्थन देने का सवाल ही पैदा नहीं होता। राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य के जल संधारण मंत्री जयंत पाटिल पर निशाना साधते हुए पाटिल ने कहा कि 2019 के विधानसभा चुनाव में मैं खुद चुनाव मैदान में था, इसलिए जयंत पाटिल के चुनाव क्षेत्र हमने ध्यान नहीं दिया, लेकिन राज्य के अगले विधानसभा चुनाव में जयंत पाटिल को चुनौती देता हूं कि राज्य का नहीं बल्कि तालुका स्तर का नेता बनाकर छोडूंगा। ओबीसी के आरक्षण पर दिए गए मेरे बयान को विकृत कर दिया। हमने कहा था कि एनसीपी नेताओं को आरक्षण के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।
Post a comment