हलिया (मिर्जापुर)
मिर्जापुर के हलिया क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से डाक्टर के रेफर करते ही दिव्यांग गर्भवती महिला ने अस्पताल के बाहर सड़क के किनारे बच्ची को जन्म दिया। सड़क पर प्रसव के बाद प्रसूता व बच्चे को स्वास्थ्यकर्मियों ने स्ट्रेचर से अस्पताल में भर्ती किया। महिला का परीक्षण कर उसे रेफर करने वाली डाक्टर पर स्थानीय लोगों ने सवाल खड़े कर दिए। मटिहरा गांव निवासी दिव्यांग गर्भवती इसरावती 45 को गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। परिजनों ने सरकारी एंबुलेंस से गर्भवती महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया लेकर पहुंचे। यहां महिला डा. निर्मला ने दिव्यांग गर्भवती का स्वास्थ्य परीक्षण कर प्रसव के लिए जिला महिला चिकित्सालय के रेफर कर दिया। लेकिन साथ में आई सास सुभागी देवी व पति उमाकांत जिला महिला चिकित्सालय न ले जाकर घर जाने के लिए साधन की व्यवस्था करने लगे। परिजन गर्भवती महिला को जैसे ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के गेट से 50 मीटर दूर लेकर पहुंचे। सड़क किनारे ही दिव्यांग गर्भवती महिला को तेज दर्द होने लगा और उसने बच्ची को जन्म दे दिया। सड़क किनारे प्रसव होने की खबर लगते ही आस-पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी होने पर अस्पताल से स्वास्थ्य कर्मी भी पहुंच गए। कर्मचारियों ने जच्चा बच्चा दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र महिला वार्ड में भर्ती कराया। प्रसूता की सास सुभागी देवी ने बताया कि बहू को प्रसव पीड़ा होने पर पीएचसी हलिया लेकर आई थी। लेकिन डाक्टर ने परीक्षण के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। वहां से मिर्जापुर शहर जाने की स्थित नहीं थी। इसलिए घर वापस जा रहे थे।
Post a comment