मुंबई
मुंबई की लाइफ लाइन लोकल ट्रेनों में अब महिलाओं के साथ बच्चे यात्रा नहीं कर पाएंगे। वेस्टर्न रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक रेलवे द्वारा निर्धारित टाइमिंग के नियमों के आधार पर मुंबई की लोकल ट्रेनों में सिर्फ महिलाओं को यात्रा की अनुमति है। मुंबई की लोकल ट्रेनों में बच्चों को सफर की इजाजत नहीं है। इसका सीधा मतलब ये है कि महिलाएं अब अपने बच्चों को साथ लेकर मुंबई मेट्रो में भी सफर नहीं कर सकेंगी। रेलवे ने कहा है कि रेलवे स्टेशनों के एंट्री गेट पर आरपीएफ के जवान इसकी निगरानी करेंगे और बच्चों के साथ आ रही महिलाओं को रोकेंगे। सूत्रों के अनुसार मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यह फैसला किया है। इसके साथ ही महिलाओं से अपने बच्चों के साथ घर में ही सुरक्षित रहने की अपील भी की है। गौरतलब हो कि रेल मंत्रालय ने मुंबई की लोकल ट्रेनों में 21 अक्टूबर से महिलाओं को सफर की इजाजत दी थी। मुंबई लोकल में महिलाओं को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक और शाम 7 बजे से देर रात तक यात्रा करने की छूट देने की जानकारी खुद रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट करके दी थी।
Post a comment