मुंबई
प्रदेश में महाविकास आघाड़ी सरकार के एक साल पूरा करने पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि इस एक साल में सरकार ने जनता के उत्थान के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि पूरे साल सिर्फ अपनी सत्ता को बचाने के लिए काम किया है। राज्य सरकार के कार्यकाल एक साल पूरा होने पर रविवार को पुणे में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि सत्ता में रहने के लिए इतना अपमान सहा गया कि राज्य में शिक्षक और स्नातक की पांच सीटों पर हो रहे चुनाव में शिवसेना सिर्फ एक सीट पर चुनाव लड़ रही है।
किसान, मजदूरों को राहत नहीं
सरकार के एक साल की समीक्षा पर पाटिल ने कहा कि राज्य की महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में किसानों और मजदूरों को कोई राहत नहीं मिली। महिलाओं की सुरक्षा के साथ मराठा समाज को आरक्षण देने को लेकर सरकार विफल साबित हुई है। पाटिल ने कहा कि राज्य के किसी मुख्यमंत्री ने कभी भी ऐसी धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया है, जिस प्रकार मौजूदा सीएम ने अपने साक्षात्कार के दौरान किया, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। पिछले साल हमने किसानों, दूध उत्पादकों, बिजली ग्राहकों के बढ़कर बिल के साथ-साथ मंदिरों को खोलने जैसे मुद्दे पर सड़क पर उतर कर संघर्ष किया है। कोरोना महामारी पर पाटिल ने कहा कि देश की तुलना में सर्वाधिक कोरोना मरीजों की मृत्यु महाराष्ट्र में हुई है। कोरोना मरीजों की संख्या में महाराष्ट्र ने दुनिया के 177 देशों को पीछे छोड़ दिया है।
Post a comment