ठाणे
मनपा में नियमानुसार प्रक्रिया को पूरा किए बिना ही कई अधिकारियों को पदोन्नति मिली थी, जिसे मनपा आयुक्त डॉ. विपिन शर्मा ने रद्द कर दिया है। जानकारी के अनुसार नगर अभियंता सहित ऐसे 19 अधिकारियों की पदोन्नति को रद्द किया गया है। साथ ही उन्हें वास्तविक पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं ठाणे मनपा प्रशासन के मुताबिक यह फेरबदल आरेख के अनुसार हुआ है। बता दें कि तत्कालीन मनपा आयुक्त संजीव जायसवाल के कार्यकाल में इन अधिकारियों को पदोन्नति मिली थी। जानकारी के अनुसार मनपा के लोकनिर्माण विभाग, शहर विकास विभाग और जलापूर्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता से लेकर कार्यकारी अभियंताओं को तत्कालीन मनपा आयुक्त संजीव जायसवाल के कार्यकाल में खैरात में पदोन्नति मिली थी। वहीं वर्तमान मनपा आयुक्त डॉ. विपिन शर्मा ने जैसे ही पद ग्रहण किया, वैसे ही वे समझ गए कि मनपा में पदों को मंजूर किए बिना ही संबंधित अधिकारियों को खुश रखने के लिए उन्हें वरिष्ठ पदों का कार्यभार दिया गया है। इसके बाद बीते सप्ताह में नगर अभियंता रविंद्र खड़ताले को वापस उपनगर अभियंता पद पर नियुक्त कर दिया।
हालांकि उनसे नगर अभियंता पद की अतिरिक्त जवाबदारी नहीं छीनी है। इसी तरह अर्जुन अहिरे को उपनगर अभियंंता की जिम्मेदारी होते हुए भी उन्हें अतिरिक्त नगर अभियंता पद की जिम्मेदारी दी गई थी। फिलहाल उन्हें अब प्रभारी अतिरिक्त नगर अभियंता के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Post a comment