मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के हाथों लोकार्पण
मुंबई
शहर में बढ़ते प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए टाटा मोटर्स द्वारा निर्मित पर्यावरण के अनुकूल 26 एसी इलेक्ट्रिक बसें मुंबईकरों की सेवा में बेस्ट में शामिल की गई हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के हाथों झंडा दिखाकर इन बसों का लोकार्पण किया गया।
नरीमन प्वाइंट में आयोजित इस लोकार्पण समारोह में मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर, मुंबई के पालक मंत्री असलम शेख, पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे, सांसद अरविंद सावंत, मुख्य सचिव संजय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव विकास खारगे, बेस्ट के महाप्रबंधक डॉ. सुरेंद्र कुमार बागडे आदि उपस्थित थे। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय के फेम दो उपक्रम के अंतर्गत (फास्टर एडाप्शन एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑफ हाइब्रिड एंड इलेक्ट्रिक वेहिकल्स) इस इलेक्ट्रिक बस योजना को कार्यािन्वत किया जा रहा है। इस योजना के तहत फेम द्वारा 340 बसों को मंजूरी दी गई है। इनमें से 26 बसों को बेस्ट के बेड़े में शामिल किया गया है। बसों को शुक्रवार के लिए यात्रियों के लिए शुरू कर दिया गया है। पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे ने कहा कि इन इलेक्ट्रिक बसों ने मुंबईवासियों को सेवा देनी शुरू कर दी है। यह खुशी की बात है। फिलहाल मुंबई में 46 बसें चल रही हैं और कुल 340 बसें उपलब्ध होंगी। आगामी दिनों में शेष बसों में से ज्यादा से ज्यादा संख्या में बसें उपलब्ध हो सकें, इसलिए फीडबैक ली जाएगी। टिकाऊ और जलवायु परिवर्तन के लिए इस तरह की इलेक्ट्रिक बसों जैसे उपक्रम को लागू किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री का 'बेस्ट' सफर
इस उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ठाकरे ने बसों का निरीक्षण किया। फिर उन्होंने नई इलेक्ट्रिक बस में यात्रा की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यह बसें जनता के लिए सुविधाजनक और आरामदायक हैं। उनके साथ महापौर किशोरी पेडणेकर और पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे भी थे।
Post a comment