मुंबई
कांग्रेस के स्थापना दिवस पर मुंबई कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त अध्यक्ष भाई जगताप और कार्यकारी अध्यक्ष चरण सिंह सप्रा ने अपना पदभार ग्रहण किया। जगताप ने कार्यभार संभालने के बाद कहा कि मुंबई में आगामी मनपा चुनावों में कांग्रेस सभी 227 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हमें पता है कि मुंबई के आम और गरीब लोगों की कई समस्याएं हैं, इसलिए उन्हें हल करना हैं। इसलिए कांग्रेस के 12 मंत्रियों को जनता दरबार के लिए महीने में एक दिन हमें देना चाहिए। जिन लोगों ने पार्टी को छोड़ दिया है, उन्हें दोबारा पार्टी में वापस लाऊंगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मनपा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आव्हान किया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बाला साहेब थोरात, सार्वजनिक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण, पूर्व उपसभापति माणिकराव ठाकरे, पूर्व अध्यक्ष एकनाथ गायकवाड़, शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़, मुंबई प्रभारी चंद्रकांत हंडोरे, समन्वय समिति के अध्यक्ष अमरजीत सिंह मनहास, पूर्व अध्यक्ष जनार्दन चंदुरकर आदि उपस्थित थे।
इधर सोमवार को कांग्रेस पार्टी के136वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुंबई कांग्रेस की तरफ से यशवंतराव चव्हाण सभागृह में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी एचके पाटिल उपस्थित थे।
Post a comment