30 नवंबर को ससुराल आई, चार दिन बाद मौत के घाट उतारा
नालंदा
अभी तो हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी थी कि ससुराल वालों ने दुल्हन को मौत के घाट उतार दिया। शादी के महज पांच दिन बाद ही नालंदा में दहेज के लिए एक नई नवेली दुल्हन की ससुराल वालों ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना बिंद थाना क्षेत्र की है, जहां मदनचक गांव में दो लाख रुपए के लिए एक दुल्हन की अर्थी उठी। शुक्रवार की रात को सुलोचना की हत्या के बाद उसके ससुराल वाले अंतिम संस्कार की तैयारी में थे। इसकी भनक पड़ोसियों को लग गई और उन्होंने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही सुलोचना के परिजन दौड़े-दौड़े मदनचक पहुंचे। उनके वहां पहुंचते ही ससुराल वाले शव छोड़कर फरार हो गए।
परिजनों ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सुलोचना का गला बुरी तरह से फूला हुआ है। कमरे में उसका शव पड़ा हुआ है। इसके बाद आनन-फानन में वे शव को उठाकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका सुलोचना कुमारी की शादी मदनचक गांव के निवासी गजेंद्र यादव के साथ 29 नवंबर को धूमधाम से हुई थी। 30 दिसंबर को विदा होकर वह ससुराल आई थी। यहां दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा था। दहेज में ससुराल वालों को 12 लाख रुपए दिए जाने थे जिसमें 10 लाख रुपए दिए जा चुके थे। 2 लाख रुपए और बाकी थे, जिसके लिए सुलोचना को काफी प्रताड़ित किया जा रहा था।
Post a comment