मुंबई
भारत के दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 96वीं जयंती पर उन्हें राज्य भर में याद किया गया। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बोरीवली के अटल स्मृति उद्यान का दौरा किया। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बोरीवली में अटल स्मृति भवन का दौरा किया और उनकी प्रतिमा का अभिवादन किया। राज्यपाल ने अटल स्मृति उद्यान परिसर का दौरा भी किया। इस अवसर पर सांसद गोपाल शेट्टी, लद्दाख के सांसद जाम्यांग छेरिंग नामग्याल, पूर्व मंत्री विनोद तावडे, विधायक सुनील राणे, भाई गिरकर, योगेश सागर व मनीषा चौधरी सहित नगरसेवक प्रमुख रूप से उपस्थित थे। राज्यपाल ने वहां वाजपेयी के जीवन पर आधारित एक ऑडियो-विजुअल प्रदर्शनी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संसद भवन की पहली प्रतिकृति को देखा और वाजपेयी के जीवन पर एक आभासी प्रश्नोत्तरी में भी भाग लिया।
पाटिल ने कोल्हापुर में दी आदराजंलि
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने ट्विट में कहा कि आज का दिन सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। स्वतंत्र भारत में सुशासन का पहला पाठ अटलजी ने सिखाया था। उन्होंने लिखा कि आज असंख्य कार्यकर्ता उनके बताए रास्तों पर चल रहे हैं। उनके ओजस्वी भाषण विपक्ष को भी सम्मोहित कर देता था। इधर पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने चंद्रपुर में अटलजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें आदराजंलि दी।
Post a comment