मुंबई
मुंबई से शादी करने गांव गया इंजीनियर दूल्हा फेरों से पहले हवालात में पहुंच गया। पुलिस में दुल्हन के पिता ने दूल्हे और उसके पिता के खिलाफ दहेज अधिनियम का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि शादी तय होने के बाद अचानक दहेज में 25 लाख रुपये की मांग की गई। वहीं दूल्हे पक्ष का आरोप है कि घटिया होटल में ठहराया। लड़की को डॉक्टर बताया, जबकि वह ऑप्टोमेट्रिस्ट है। पनवेल निवासी इंजीनियर रामप्रकाश शर्मा का रिश्ता कृष्णा गोल्ड कॉलोनी, एत्मादुद्दौला निवासी प्रीति शर्मा के साथ ऑनलाइन तय हुआ था। घरवालों की सहमति से तय हुआ रिश्ता दहेज की बेदी चढ़ गया। 11 दिसंबर को आगरा के होटल ताज विलास में शादी होनी थी। नौ दिसंबर को मुंबई से छह लोगों की बारात आई। जिसमें रामप्रकाश शर्मा उसके पिता राम पटव शर्मा और रिश्तेदार शामिल थे। लड़की पक्ष ने बारातियों को कालिंदी विहार स्थित होटल त्यागराज में ठहराया था। गुरुवार की सुबह हंगामा हो गया। मामला थाने तक पहुंचा। लड़के वालों ने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन भी होटल तक आ गई। चर्चा है कि पिता से अभद्रता करने पर वह आक्रोशित हो गई। कंगन उतारकर दूल्हे के मुंह पर मार दिया। दुल्हन के पिता महेंद्र प्रसाद शर्मा ने तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि लड़के वालों ने दहेज में 25 लाख रुपये की मांग की।
Post a comment