मुंबइ
यदि आप नए साल का जश्न मनाने की योजना बना रहे हैं तो थोड़ा धैर्य रखिए। सरकार ने गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव पर पांच से अधिक लोगों के जमा होने पर रोक लगा दी है। साथ ही रात 11 बजे के बाद होटल, पब, बार बंद हो जाएंगे और राज्य में सभी को कर्फ्यू के नियमों का पालन करना होगा। इस बात की जानकारी राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने दी।
सादगी से मनाए नए साल का जश्न
देशमुख ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कोरोना का संकट आज भी कायम है, इस बात को ध्यान में रखते हुए नए वर्ष का स्वागत सादगी और शांति से किया जाए। रात 11 बजे के बाद होटल, पब और रेस्टॉरेंट बंद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि रात 11 बजे के बाद होटल, पब और रेस्टॉरेंट बंद रहेंगे, इसका यह मतलब नहीं कि आप घर से बाहर नहीं जा सकते। आप अपने मित्र या रिश्तेदार के घर रात 11 बजे के बाद भी जा सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक जगहों पर पांच से अधिक लोग जमा नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के नियमों का पालन करना चाहिए और हिल स्टेशनों पर भीड़ नहीं होनी चाहिए, इस बात का ख्याल रखा जाना चाहिए।
मुंबई में हर साल नए साल के मौके पर कई स्थानों पर लोगों की भारी भीड़ जमा होती है, इस बारे में सरकार ने निर्देश जारी किए हैं। मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया और मरीन ड्राइव जैसी जगहों पर पांच से अधिक लोगों के जमा होने पर पाबंदी लगा दी है। नए प्रकार के कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर राज्य सरकार ने 22 दिसंबर से पांच जनवरी तक रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक रात्रिकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया था।
Post a comment