कोलकाता
भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा के काफिले पर हमला के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और पुलिस प्रमुख को तलब किए जाने के बावजूद राज्य सरकार ने दोनों अधिकारियों को नयी दिल्ली नहीं भेजने का फैसला किया है। मुख्य सचिव अलापन बंदोपाध्याय ने केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला को पत्र लिखकर कहा है कि उन्हें 14 दिसंबर को राज्य के अधिकारियों की मौजूदगी के बिना बैठक करने का अनुरोध करने का निर्देश दिया गया है।
नड्डा के काफिले पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के कथित समर्थकों द्वारा हमले पर राज्यपाल जगदीप धनखड़ की रिपोर्ट के बाद राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर स्पष्टीकरण के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बंदोपाध्याय और डीजीपी वीरेंद्र को 14 दिसंबर को तलब किया गया है। बंदोपाध्याय ने अपने पत्र में लिखा है, 'पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को जेड-श्रेणी की सुरक्षा वाले व्यक्ति के संबंध में घटनाओं समेत राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा के लिए 14 दिसंबर को दिन में सवा 12 बजे आपके कक्ष में बुलाया गया था।' ममता सरकार के इस 'तानाशाही' रवैए के चलते केंद्र और पश्चिम बंगाल के बीच मामला गंभीर हो सकता है। उधर, नड्डा पर हमले के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर राज्य का दौरा करेंगे। वह 19 और 20 दिसंबर को पश्चिम बंगाल में रहेंगे। ऐसे में इस राज्य का सियासी पारा काफी हाई रहने वाला है।
काफिले पर हमले में सात गिरफ्तार
जेपी नड्डा के काफिले पर बृहस्पतिवार को हुए हमले के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दक्षिण 24 परगना जिले में चार लोगों को फाल्ता थाना क्षेत्र तथा तीन लोगों को उश्ती थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि सातों व्यक्तियों को दंगा, लोकसेवक के काम में बाधा डालने सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है।
बाहरवाला, अंदरवाला कहना एक खतरनाक खेल
राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा, 'राज्य में कौन बाहरी है, उनका इससे क्या मतलब है? क्या भारतीय नागरिक भी बाहरी हैं, ममता को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। मुख्यमंत्री को आग से नहीं खेलना चाहिए। बाहरी कहना संविधान का अपमान है। बाहरवाला, अंदरवाला कहना एक खतरनाक खेल है। ममता संविधान के हिसाब से काम करें।'
राज्यपाल ने कहा, यदि ममता भटकेंगी तो मेरे दायित्व की शुरुआत होगी।
Post a comment