गोरखपुर
भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, इसमें वंशवाद की कोई जगह नहीं है। इस बार का चुनाव संगठन के बल पर लडऩा है, इसलिए संगठन और कार्यकर्ता का विस्तार जरूरी है। इसके लिए संपर्क और सामंजस्य बनाएं। यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहीं। वह गोरखपुर भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित गोरखपुर व महराजगंज जिले के मंडल प्रभारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पदाधिकारियों ने अफसरों द्वारा कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुने जाने का मामला उठाया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा व अपमान करने वाले अधिकारियों की खैर नहीं है। उन्हें हटना पड़ेगा, लेकिन पैरवी उचित मामले में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 13 दिसंबर को हर पदाधिकारी को बूथ पर रहना है। हर मंडल में दो हजार मतदाता बनाने हैं। फर्जी वोटर का नाम भी कटवाएं। यह तभी संभव होगा जब मंडल प्रभारी सक्रिय रहेंगे। उन्होंने पंचायत चुनाव मजबूती से लडऩे का आवाहन किया। कहा कि मंडल टीम जिस नाम पर सहमति बनाएगी, पंचायत चुनाव वही लड़ेगा। सांसद, विधायक के स्वजन के नाम को तवज्जो न दें। हमें दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को आगे बढ़ाना है। भाजपा की मजबूती से ही देश बचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा हमारी मां के समान है, हमें मां का सम्मान बढ़ाना है। अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह ने की। संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने किया। बैठक में कोषाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डा.सत्येंद्र सिन्हा, जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, विश्वजितांशु सिंह आशु, महामंत्री प्रदीप शुक्ला, देवेश श्रीवास्तव, अच्युतानंद शाही, इंद्रमणि उपाध्याय, रमेश गुप्ता, संतराज यादव के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।
Post a comment