प्रधान सचिव स्तर के अफसरों को दो दिन के अंदर जमीन पर जाकर देखना होगा विकास
पटना
लगातार चौथी बार सत्ता संभालने के बाद नीतीश कुमार इस बार बदले-बदले से नजर आ रहे हैं। सरकारी विकास कार्यों की जमीनी हालात क्या है, इसकी पूरी जानकारी लेने के लिए बड़े अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जिलों में जाकर विकास कार्यों की वस्तुस्थिति जानें और उसकी पूरी जानकारी मुख्यमंत्री तक समय पर पहुंचे। इसे पूरी तरह से सुनिश्चित किया जाए।
सरकार के प्रधान सचिव संजय कुमार ने तमाम अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव को पत्र लिखा है, जिसमें यह निर्देश दिया गया है कि जिलों में जाकर विकास कार्यों की रिपोर्ट तैयार करें। जो अधिकारी फील्ड में जाएंगे वो सरकारी योजनाओं की स्थिति का पता लगाएंगे। यह सबकुछ बहुत जल्द करना है। इसके लिए तारीख भी मुकर्रर कर दी गई है। चार दिसंबर तक पूरी रिपोर्ट अधिकारियों को दे देनी है।
नीतीश कुमार पर विरोधियों ने सरकारी विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगा हमला बोला था और नीतीश कुमार के पास भी कई गड़बड़ियों की शिकायत आई थी। अधिकारियों को भेजे गए पत्र को देखने के बाद यह तय हो गया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आने वाले दिनों में पूरे बिहार की यात्रा पर निकलने का मूड बना रहे हैं। इस तरह के जब भी कोई आदेश तमाम अधिकारियों के पास जाते हैं तो कुछ दिन के बाद नीतीश कुमार विकास कार्यों की समीक्षा करते हैं। उसके बाद यात्रा पर निकलते हैं। इस बार भी मुख्यमंत्री बिहार के विकास की सही तस्वीर देखने के लिए यात्रा पर निकलने की तैयारी कर रहे हैं।
Post a comment