नवी मुंबई
पुलिस ने बिना पासपोर्ट के रहने वाले छह नाइजीरियन नागरिकों के खिलाफ कारवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी अवैध तरीके से एक होटल चलाते थे और उसमें लोगों को बीयर और शराब पिलाते थे। डीसीपी जोन 1 की देखरेख में वाशी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को जानकारी मिली थी कि कुछ नाइजीरियन बिना किसी अनुमति के नवी मुंबई के वाशी स्थित जुहू गांव में रहते हैं। जिसके बाद इन पर कार्रवाई करने के लिए कुल 18 लोगों की टीम बनाई गई। यह टीम डीसीपी जोन 1 के आदेश के बाद सीनियर इंस्पेक्टर वाशी की देखरेख में बनाई गई। कारवाई करने के लिए पुलिस जब जुहू गांव के साईं दर्शन बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर पहुंची तो वहां का मंजर देखकर हैरान रह गई। पुलिस ने देखा कि विदेशी नागरिक यहां पर बिना किसी परमिशन के होटल चला रहे हैं। उनसे जब वहां रहने की परमिशन और पासपोर्ट की मांग की गई, तब वे दिखा नहीं पाए। इसके बाद पुलिस ने उन सभी छह लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आनिववोरा (57), प्रिंस ओको जॉन (49), ओहोमो जिले हेलेन (47), चुकुड़ी लोके ओस्लोआर (30), नलोमोरिसा कॉस्मॉस चिनयेने (50) और ओकयो फिलिप (43) हैं।
Post a comment