जापानी दूतावास ने शेयर की तस्वीरें
मुंबई
भारत के पहले बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को रफ्तार मिलती दिख रही है। हाल ही में भारत में जापान एंबेसी ने बुलेट ट्रेन ई 5 सीरीज़ शिंकानसेन की आधिकारिक तस्वीरें जारी की हैं। इस प्रोजेक्ट के तैयार होने के बाद मुंबई से अहमदाबाद के बीच की दूरी को महज 2 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। खास बात है कि पांच साल पहले भारत सरकार ने 508 किमी लंबे मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के लिए मंजूरी दी थी। शुक्रवार को भारत स्थित जापानी दूतावास ने ट्रेन की तस्वीरें शेयर की हैं। इस ट्रेन में बदलाव किए जाएंगे, ताकि इसका उपयोग मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल प्रोजेक्ट में रोलिंग स्टॉक यानी रेलवे में इस्तेमाल होने वाली गाड़ियां और वैगन के तौर पर किया जा सके। यह ट्रेन भारतीय रेल व्यवस्था को और रफ्तार देगी। गौरतलब है कि इस प्रोजेक्ट ने शुरुआत में तो गुजरात में रफ्तार पकड़ी थी, लेकिन जमीनी परेशानियों के चलते महाराष्ट्र में यह काम धीमा हो गया था। 1.08 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से तैयार हो रहा यह प्रोजेक्ट पहले ही विलंब से शुरू हुआ था। वहीं, राजनीतिक मतभेदों का भी प्रोजेक्ट के काम पर असर पड़ सकता है। कुछ ही दिनों पहले रेलवे बोर्ड के सीईओ और चेयरमैन वीके यादव ने बताया था कि पुलों और सुरंग बनाने का काम भारतीय ठेकेदार कर रहे हैं, वहीं, सिग्नल, टेलीकॉम और रोलिंग स्टॉक का काम जापानी कंपनियां कर रही हैं। साल 2018 में तब जापान प्रधानमंत्री रहे शिंजो आबे ने कहा था कि भारत में जल्द से जल्द बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए जापान प्रतिबद्ध है। एक दिसंबर को हुई इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में रेलवे बोर्ड के सीईओ और चेयरमैन यादव प्रोजेक्ट की तरक्की को लेकर काफी भरोसा जता रहे थे। उन्होंने कहा था कि महाराष्ट्र में भूमि अधिग्रहण अगले 4 महीनों में 80 फीसदी हो जाएगा। फिलहाल राज्य में 22 प्रतिशत भूमि अधिग्रहण हुआ है।
Post a comment