नई दिल्ली
देश में शनिवार से विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान की शुरुआत हुई, जिसमें पहले दिन दो लाख से ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि रविवार को छह राज्यों में टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोविड-19 टीकाकरण की जानकारी देने के लिए आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि रविवार को आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, केरल, मणिपुर और तमिलनाडु में 553 सत्र में 17,072 लोगों का टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि अब तक 2 लाख 24 हजार 301 लोगों को टीका लग चुका है। मंत्रालय की ओर से जानकारी दी गई कि पहले दिन 2 लाख 7 हजार 229 लोगों को टीका लगा था जो कि दुनिया में सबसे अधिक आंकड़ा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव डॉ. मनोहर अगनानी ने कहा कि भारत में अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस की तुलना में एक दिन में सबसे अधिक वैक्सीन लगाई गईं. मंत्रालय की ओर से बताया गया कि शनिवार को जिन लोगों का टीकाकरण किया गया था उनमें से 447 लोगों ने असहज महसूस किया था, जिसमें से तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। इन तीन लोगों में से अब सिर्फ एक व्यक्ति को निगरानी के लिए अस्पताल में रखा गया है।
Post a comment