मुंबइ
कोरोना के चलते मुंबई मनपा की आर्थिक स्थिति काफी खस्ताहाल हो गयी है। पहले से ही डांवाडोल स्थिति का सामना कर रही मनपा का मुंबई में करोड़ों रुपए पानी के बिल के रूप में बकाया हैं। अब इस बिल को वसूलना मनपा प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रही है। सूत्रों के अनुसार बकाया पानी के बिल की राशि करीब 2,819 करोड़ रुपए है,जो पिछले दस वर्षों की बकाया राशि है।
गौरतलब हो कि अभय योजना की घोषणा के बाद भी बकाया राशि की वसूली नहीं हो सकी है। इस योजना के तहत बकाया राशि का भुगतान करने के लिए मनपा ने पिछले साल छूट दी थी। लेकिन इस योजना के तहत मात्र 193 करोड़ रुपये ही वसूले गए थे। बकाया राशि वसूलने के लिए मनपा ने अब नया फैसला लिया है। एक साथ बकाया राशि का भुगतान करने के बजाय चरणों में भुगतान के लिए एक नया प्रस्ताव तैयार किया है। अब इस प्रस्ताव को स्थायी समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बता दें कि पानी की बिल की बकाया राशि को वसूलने के लिए अभय योजना की घोषणा मनपा द्वारा की जाती है। साल 2014-15 में बकाया राशि 1,119 करोड़ रुपए तक पहुंच गयी थी। इसके बाद अभय योजना से 234 करोड़ वसूल किया गया था, जबकि 2020 में अभय योजना से 193 करोड़ वसूल किया गया। चालू वित्त वर्ष में पानी और सीवरेज से राजस्व के रूप में 1535.88 करोड़ रुपए आने की उम्मीद है। लेकिन कोविड काल के दौरान पानी का बिल नहीं वसूला जा सका।
Post a comment