श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों के साथ आतंकवादियों की फिर मुठभेड़ हुई। सुरक्षाबलों के जवानों से घिरने के बाद आतंकियों ने आत्मसमर्पण की राह चुनी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने जिले के काकापोरा इलाके के लेलहार में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद शुक्रवार रात को घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया था।
उन्होंने बताया कि छिपे हुए आतंकवादियों द्वारा सुरक्षा बलों पर गोली चलाए जाने के बाद तलाश अभियान मुठभेड़ में बदल गया। अधिकारियों ने बताया कि रात को काफी देर तक हुई गोलीबारी के बाद दोनों आतंकवादियों ने अपनी एके राइफलों के साथ सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों आतंकवादियों की पहचान अकील अहमद लोन और रउफ उल इस्लाम के तौर पर हुई है। लोन के दाएं पैर में छर्रे लगे हैं और उसे यहां से इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
Post a comment