मुंबई
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए महानगर में मेट्रो ट्रेन का जाल बिछाया जा रहा है। इसी कड़ी में पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने वाले मेट्रो -7 और मेट्रो 2-ए लाइन को आम जनता के लिए मई महीने से शुरू होने की पूरी संभावना है। शुक्रवार को चारकोप कारशेड डिपो में देश में निर्मित मेट्रो 7 और मेट्रो 2-ए लाइन के लिए बनाए गए मेट्रो कोच का अनावरण मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने किया। इस अवसर पर सीएम ठाकरे ने कहा कि मुंबईकरों को नए साल का बड़ा तोहफा मिला है। नई मेट्रो लाइनों, मेट्रो 7 और मेट्रो 2-ए को मई महीने तक जनता के लिए शुरू किया जाएगा। इसके लिए कुल 576 कोच कई चरणों में बैंगलोर से मुंबई पहुंचेंगे। इसकी शुरुआत पहले चरण के रूप में गुरुवार को चार कोच मुंबई पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि साल 2014 में मुंबई में पहली मेट्रो घाटकोपर से अंधेरी मार्ग पर चलाई गई थी। सात साल बाद दहिसर से डी.एन. नगर (2-ए) और अंधेरी पूर्व से दहिसर (मेट्रो-7) मार्गों पर यात्री सेवाएं संचालित की जा रही हैं। एमएमआरडीए के माध्यम से मेट्रो लाइनों और स्टेशनों का निर्माण अंतिम चरण में है। इस मार्ग पर चलने वाली मेट्रो ट्रेन का निर्माण बीईएमल को सौंपा गया है। यह मुंबई आने वाली पहली स्वदेश निर्मित मेट्रो ट्रेन है।
Post a comment