अयोध्या
राम मंदिर निर्माण में अयोध्या विवाद में बाबरी मस्जिद के मुद्दई रहे इकबाल अंसारी भी समर्पण निधि देंगे। श्रीराम जन्मभूमि समर्पण निधि अभियान पर इकबाल अंसारी ने कहा कि बात राम मंदिर की है। बात धर्म की है। लोग बढ़-चढ़कर चंदा दें। मंदिर- मस्जिद के विवाद में लोग न आएं। उन्होंने कहा कि धर्म के काम में मेहनत की कमाई लगती है, तो भगवान भी और अल्लाह दोनों खुश होते हैं। चंदा देने में कोई बुराई नहीं है। लोग चंदा दे चाहे एक रुपये या एक लाख रुपये का सहयोग करें। राम मंदिर में सब का सहयोग होना चाहिए। चंदा देने से एक-दूसरे की मुसीबत कम होती है। ये श्रद्धा का सवाल है। पुण्य मिलता है। राम मंदिर निर्माण के लिए मुस्लिम मंच ने भी समर्पण निधि प्रदान की है। मुस्लिम मंच के सदस्य डॉ. तारिक शाह व चांदनी शाह बानो ने 11 हज़ार रुपये का चेक दिया है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट संघ परिवार और विश्व हिंदू परिषद के सहयोग से राम जन्मभूमि समर्पण निधि अभियान संचालित कर रहा है। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान की शुरुआत हो गई है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल मिश्र ने 51 हज़ार रुपये का चेक देकर महा अभियान की शुरुआत किया। शहर के मैत्री मंडप में आयोजित निधि समर्पण कार्यक्रम में ट्रस्टी डॉ. मिश्र मौजूद रहे। ट्रस्ट संघ परिवार के सहयोग से 27 फरवरी तक महा अभियान संचालित करेगा। जनपद में 400 स्थानों से टोलियां निकली हैं।
Post a comment