तीन मजदूरों की मौत, सात गंगा में लापता
वैशाली
बिहार में घने कोहरे के बीच सड़क दुर्घटनाएं तो बढ़ ही गई हैं, नौका दुर्घटना भी हुई है। घटना वैशाली सीमावर्ती सारण जिले के सोनपुर के गंगाजल घाट के निकट गंगा नदी में गुरुवार की देर रात हुई। गंगा नदी में बालू लदी दो नावों के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में अभी तक तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। सोनपुर गंगाजल पंचायत के मुखिया के अनुसार दुर्घटना में कोई तीन तो कोई सात लोगों के लापता होने की बात कर रहा है। लापता बालू मजदूर सोनपुर के सबलपुर के बताये जा रहे हैं। नाव भी सबलपुर का ही था।
मिली जनकारी के अनुसार गुरुवार की रात गंगा से बालू लेकर चली दो नौकाओं के नाविक कोहरे के कारण आगे देख नहीं सके। इस कारण दोनों नौकाएं आपस में टकरा गईं। टक्कर नदी तट से ज्यादा दूर नहीं हुई, इसलिए आवाज तथा डूबते मजदूरों की पुकार तट तक पहुंच गई। इसके बाद वहां मौजूद नाविकों तथा आस-पास के लोगों ने नदी में डूब रहे कई मजदूरों को बचा लिया। हालांकि अभी भी कई मजदूर लापता हैं। लापता मजदूरों की खोज रात से ही की जा रही है। सोनपुर गंगाजल पंचायत के मुखिया ने बताया कि अभी तीन मजदूरों की मौत हो चुकी है। मारे गए तीनों लोग सबलपुर मध्यवर्ती पंचायत के रहने वाले बताए गए हैं। बलपुर मध्यवर्ती पंचायत के मुखिया ने बताया कि नाव पर सवार और सभी लोगों को बचा लिया गया है। हालांकि कुछ लोगों के अनुसार नौका सवार सात लोग लापता हैं। विदित हो कि सारण जिले में सरयू एवं गंगा नदियों में अक्सर नाव हादसे होते रहते हैं। इनमें से अधिकांश हादसे बालू लदे नावों की टक्कर के कारण हुए हैं। सारण जिला के मांझी थाना अंतर्गत सरयू नदी में मझनपुरा गांव के पास छह माह पहले 25 जुलाई को भी बालू लदे दो नावों के बीच टक्कर हुई थी।
Post a comment