मुंबई
मुंबई कांग्रेस ने शुक्रवार को अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वर्ली के जांबोरी मैदान से रिपब्लिक टीवी के कार्यालय तक मोर्चा निकाला। इस मोर्चे में कांग्रेस के सभी बड़े नेता शामिल हुए। मोर्चे को संबोधित करते हुए मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा कि अर्नब को संवदेनशील सूचनाएं पहले कैसे मिली? इसकी जांच होनी चाहिए। भाई जगताप ने कहा कि अर्नब गोस्वामी ने गोपनीय सूचनाओं का उपयोग अपने चैनल की टीआरपी बढ़ाने में किया, इससे देश की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। यह देशद्रोह है। भाई जगताप ने कहा कि पुलवामा हमले में 42 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे, जिसका इस्तेमाल अर्नब गोस्वामी ने अपने चैनल की टीआरपी बढ़ाने के लिए किया था। अर्नब यही काम पिछले छह साल से कर रहा है। टीआरपी के लिए उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर दिया। उन्होंने कहा कि मेरी मुंबई पुलिस से मांग है कि वे अर्नब गोस्वामी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूरे मामले की जांच करे, ताकि सच्चाई जनता के समक्ष आ सके। मोर्चे में मुंबई कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष चरण सिंह सप्रा, मुंबई के पालक मंत्री असलम शेख, शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़, पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड़, चंद्रकांत हंडोरे, विधायक जीशान सिद्दीकी, अमीन पटेल, पूर्व विधायक मधु चव्हाण, बाबा सिद्दीकी सहित अन्य नेता शामिल थे।
बता दें कि अर्नब गोस्वामी का ब्रॉडकास्ट ऑडियंस रिसर्च काउंसिल (बार्क) के पूर्व सीईओ पार्थो दासगुप्ता के साथ कथित वॉट्सऐप चैट्स सोशल मीडिया पर लीक हो गया है। इन चैट्स में कुछ बातचीत दो साल पहले भारत की बालाकोट में की गई सैन्य कार्रवाई से भी जुड़ी हुई हैं, जिसकी जानकारी अर्नब को पहले से थी।
Post a comment