आरएन सिंह के जन्मनि पर रक्तदान शिविर का आयोजन
मुंबई
भाजपा विधायक और उत्तर भारतीय संघ, मुंबई के अध्यक्ष आरएन सिंह ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि संघ के तत्वावधान में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में जिस तरह से लोगों ने प्रतिसाद दिया है, वह अविस्मरणीय है। इस अभियान में रक्तदान करने वाले लोगों को संघ की तरफ से मुफ्त कोरोना वैक्सीन उपलब्ध कराई जाएगी।
कोरोना महामारी के कारण राज्य में उत्पन्न रक्त की कमी को देखते हुए भाजपा विधायक आरएन सिंह के 73वें जन्मनि पर उत्तर भारतीय संघ, मुंबई के संयोजन में एक जनवरी को मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन बांद्रा (पूर्व) के टीचर्स कॉलोनी स्थित उत्तर भारतीय संघ के मुख्यालय में किया गया जिसमें संघ से जुड़े लगभग एक हजार लोगों ने मानवता के कल्याण हेतु रिकॉर्ड रक्तदान किया।
सिंह ने कहा िक सामाजिक सरोकारों के तहत अगर जरूरत पड़ी तो संघ की अनेक शाखाओं में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जायेगा। आरएन सिंह ने सभी रक्तदाताओं को नववर्ष पर शुभकामना देते हुए कहा िक भविष्य में यदि जरूरत पड़ेगी तो उत्तर भारतीय समाज और भी रक्तदान कर के प्रदेश और देश की सेवा में अपना अहम योगदान देगा। उन्होंने कहा कि संघ के संस्थापक दिवंगत बांकेराम तिवारी के सपनों को संघ पूरा कर रहा है। इस समय संघ के पास खुद का डिग्री कॉलेज, सभागृह और बाहर से आने वाले समाज के लोगों के ठहरने के लिए गेस्ट हाउस का निर्माण कराया गया है। भविष्य में यूपी, बिहार सहित अन्य राज्यों से गंभीर बीमारियों का इलाज कराने मुंबई आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के ठहरने के लिए संघ एक और गेस्ट हॉउस के निर्माण पर विचार कर रहा है। सिंह ने आगे कहा कि संघ को बढ़ाने में सभी जाति और धर्म के लोगों का योगदान है और मुंबई में रहने वाला उत्तर भारतीय समाज संघ के प्रति समर्पित है। रक्तदान करने वाले लोगों का आभार प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि संघ द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदानदाताओं का योगदान सराहनीय है। जिसकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। इस मौके पर विधायक आरएन सिंह ने रक्तदान शिविर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली टाटा मेमोरियल अस्पताल की डॉक्टर नीलम को सम्मानित किया।
Post a comment