1.5 किलो सोना, 72 पीस हीरा और 30.89 लाख कैश बरामद
दरभंगा
सूबे के बहुचर्चित दरभंगा के बड़ा बाजार स्थित अलंकार ज्वेलर्स से हुई करोड़ों के सोना व हीरा लूट के मामले में पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस ने 1.5 किलो सोना, 72 पीस हीरा और 30.89 लाख नकद रुपये जब्त किए हैं। मामले में कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम ने शनिवार को बताया कि घटना के बाद से पुलिस कार्रवाई कर रही थी। इस क्रम में गिरोह के सरगना विकास झा समेत कई लोग पहले जेल भेजे जा चुके हैं।
विकास झा ने यह बताया था कि घटना को अंजाम देने में समस्तीपुर के बदमाश शामिल थे। इसके बाद पुलिस ने जांच कर समस्तीपुर निवासी तरूण साह के घर पर छापेमारी की। उसे गिरफ्तार किया गया। उसके घर से 72 पीस लूट का हीरा बरामद किया गया। तरूण ने पूरी जानकारी दी। इस आधार पर समस्तीपुर के मनोज राय, लक्ष्मण राय और प्रिंस कुमार के घर पर भी छापेमारी की गई। इस दौरान प्रिंस और मनोज राय के घर से लूट का सोना और कैश बरामद किया गया। लूट का माल छिपाने के आरोप में इनके स्वजनों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तरूण ने पुलिस को बताया था कि लूट के सोना में से 1850 ग्राम सोना 47 लाख में बेगूसराय के एक सोनार से बेचा गया था। इस आधार पर पुलिस ने वहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया है और 400 ग्राम गलाया हुआ सोना जब्त किया गया है। इसके अतिरिक्त समस्तीपुर के दलसिंहसराय स्थित एके ज्वेलर्स से 60 ग्राम लूट का सोना बरामद किया गया है। पुलिस ने अब तक कुल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीम लगातार लूट का सोना बरामद करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। दरभंगा वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम का कहना है कि घटना तिथि से लगातार पुलिस कार्रवाई कर रही थी।
इस बीच मुंगेर से विकास झा की गिरफ्तारी हुई। उसकी निशानेदही पर समस्तीपुर और बेगूसराय में पुलिस टीम ने छापेमारी की। इस दौरान दरभंगा से लूटा गया करीब 1.5 किलो सोना। 72 पीस हीरा और 30.89 लाख कैश बरामद किया गया है। कुल ग्यारह लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
Post a comment