सावित्रीबाई फुले की जयंती पर मुख्यमंत्री ने किया अभिवादन
मुंबइ
महिलाओं की शिक्षा को लेकर क्रांतिकारी कदम उठाने वाली क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले की जयंती पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पगुच्छ अर्पित कर उनका विनम्र अभिवादन किया। सीएम के सरकारी आवास ''वर्षा'' पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सावित्रीबाई फुले की जयंती के दिन ''सावित्रीबाई फुले शिक्षा दिवस'' के रूप मनाए जाने का निर्णय मंत्रिमंडल ने लिया है। महिलाएं शिक्षित हो सके तथा महिलाओं के जीवन में शिक्षा से उजाला हो, इसके लिए महात्मा ज्योतिबा फुले और क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले ने अपना पूरा जीवन व्यतीत किया। इसके लिए अनेक यातना सही, लोगों के ताने सुने, कष्ट सहन किए। महिलाओं की शिक्षा से ही परिवार एवं समाज नए विचारों के साथ आगे बढ़ सकता है।
मुख्यमंत्री ने महिला शिक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि आज महिला शिक्षा में महाराष्ट्र आगे है। महिलाओं ने अनेक क्षेत्र में अपने कर्तृत्व की छाप छोड़ी है। इसके लिए हमें क्रांतिज्योति, महान शिक्षिका, सावित्रीबाई फुले के आगे नतमस्तक होना होगा। इस दिन के औचित्य पर स्कूली शिक्षा विभाग की ओर से क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले के जीवन कार्य को प्रकाशित करनेवाले विविध उपक्रम नए पीढ़ी की सहभागिता से आयोजित किए जाएंगे।
Post a comment