मुंबई
कांग्रेस के मंत्रियों के दिल्ली बुलावे से महाराष्ट्र कांग्रेस में हलचल बढ़ गई है। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही दिल्ली से नए कांग्रेस अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है। हालांकि इसमें लगातार विलंब हो रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राजस्व मंत्री बाला साहेब थोरात ने कहा कि जो कोई भी फैसला लेना है, वह तत्काल लिया जाए। एक मराठी न्यूज चैनल से बात करते हुए थोरात ने कहा कि अगले साल चुनाव का साल है, इस चुनाव में पार्टी कैसी उतरेगी, इस बारे में चर्चा करना आवश्यक है। इस पर लंबे समय तक टालना उचित नहीं है। जो कुछ भी फैसला लेना है, वह तत्काल लेना चाहिए। यदि पार्टी हाईकमान को लगता है कि एक ही व्यक्ति के पास दोहरी जिम्मेदारी नहीं होनी चाहिए तो मौका किसी युवा नेता को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक दल की सरकार रहने पर भी आंतरिक मसले उठते रहते हैं, यहां तो तीन दलों की सरकार है, कम समय में बड़ी जिम्मेदारियों को पूरा करना है। बता दें कि नए प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में विधानसभा अध्यक्ष नाना पटोले का नाम सबसे आगे चल रहा है। हालांकि अंतिम निर्णय सोनिया गांधी और राहुल गांधी ही लेंगे।
Post a comment