मुंबई
केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा मांग किए जाने के बाद नवी मुंबई के खारघर सेक्टर 38 स्थित भूखंड क्रमांक एक ए में नया हज हाउस बनाने के लिए सिडको ने छह हजार वर्ग मीटर का भूखंड देने का निर्णय लिया है। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास ही यह प्रस्तावित हज हॉउस होने से हज यात्रा पर जाने वाले नागरिकों के लिए फायदेमंद साबित होने की जानकारी दी गई है। हज यात्रा के लिए देश भर से मुस्लिम धर्म के लोग सऊदी अरब मक्का और मदीना जाते हैं। 1927 से इस हज यात्रा के लिए जाने वाले भारतीय नागरिकों की व्यवस्था करने के साथ ही अन्य समस्याओं को हल करने का कार्य भारतीय हज समिति द्वारा किया जा रहा है। भारतीय हज यात्रियों की आवश्यक व्यवस्था करने के साथ ही राज्य और केंद्र शासित प्रदेश समिति के साथ समन्वय स्थापित करने का अधिकार भारतीय हज समिति का है। सिडको की जनसंपर्क अधिकारी प्रिया रताम्बे ने बताया कि वर्ष 2016 से हज यात्रा संबंधित कामकाज भारत सरकार के अल्पसंख्यक मंत्रालय को सौंप दिया गया है। उसके बाद ही अल्पसंख्यक मंत्रालय द्वारा भारतीय हज समिति का हज हाउस और जरूरी कामकाज संबंधित कार्यालय निर्माण करने के लिए नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास भूखंड देने की मांग की जा रही थी। इसी को देखते हुए सिडको के तरफ से खारघर सेक्टर 38 में छह हजार वर्ग मीटर का भूखंड क्रमांक एक ए भारतीय हज समिति को देने का निर्णय लिया गया है।
Post a comment