मुंबई
तकरीबन 9 माह से आम लोगों के लिए बंद मुंबई की लाइफ लाइन लोकल ट्रेनों के दरवाजे आगामी 1 फरवरी से खुल जाएंगे। हालांकि आम लोग निर्धारित समयावधि के बीच ही लोकल में यात्रा कर सकेंगे। इधर सरकार ने एक अपील जारी करते हुए दफ्तरों और प्रतिष्ठानों को अपने आफिस टाइमिंग में बदलाव करने की अपील की है।
कई माह से लोकल सेवा बंद होने से परेशान मुंबइकरों को उद्धव ठाकरे सरकार ने बड़ी राहत दी है। कोविड-19 की वजह से मुंबई की लोकल ट्रेनों में अत्यावश्यक सहित अन्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों को यात्रा करने की छूट थी। अब एक फरवरी से भीड़भाड़ से बचते हुए आम लोगों के लिए लोकल शुरू करने के निर्देश मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दिए हैं।
वहीं मुंबई और मुंबई महानगरीय क्षेत्र में दुकानें और प्रतिष्ठान रात 11 बजे तक और रेस्तरां रात 1 बजे तक खुले रखे जाएंगे। यह भी स्पष्ट किया गया है कि दुकानों के लिए कर्मचारियों की अधिकतम 30 प्रतिशत उपस्थिति के साथ-साथ रेस्तरां और फूड कोर्ट के लिए समय-समय पर जारी किए गए एसओपी को लागू किया जाएगा।
Post a comment