मुंबइ
कृषि कानून रद्द करने और ईंधन की दरों में वृद्धि को वापस लेने की मांग को लेकर शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और राजस्व मंत्री बाला साहेब थोरात के नेतृत्व में सैकड़ों ट्रैक्टर सहित किसानों ने नागपुर के राजभवन का घेराव किया। इस मौके पर कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद थे। इस अवसर पर बाला साहेब थोरात ने कहा कि किसान पिछले 50 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। कृषि कानून से महंगाई बढ़ेगी और इसका फायदा बड़े उद्योगपतियों को होगा। तीनों कृषि कानून से किसानों को कोई फायदा नहीं होगा। ये कानून उद्योगपतियों के हितों को देखते हुए बनाए गए हैं।
थोरात ने कहा कि किसानों के समर्थन में कांग्रेस खड़ी हुई है। राज्य में महाविकास आघाड़ी सरकार आने के बाद किसानों का बकाया कर्ज माफ किया गया। भारी बारिश और बाढ़ की वजह से हुए नुकसान को देखते हुए मुआवजे के रूप में 10 हजार करोड़ रुपए का पैकेज दिया गया। हम केवल बोलते नहीं, किसानों की मदद भी करते हैं। उन्होंने कहा कि ईंधन की दरों में वृद्धि से आम लोगों की कमर टूट गई है। कांग्रेस सरकार के समय भी कच्चे तेल की कीमतें बढ़ी थी, लेकिन इसका बोझ आम जनता पर नहीं डाला गया था। कार्यक्रम को ऊर्जा मंत्री डॉ. नितीन राऊत, पशुसंवर्धन व दुग्धविकास मंत्री सुनील केदार प्रदेश कांग्रेस कार्याध्यक्षा व महिला व बालकल्याण मंत्री यशोमति ठाकुर, मदत पुनर्वसन और बहुजन कल्याण मंत्री विजय वडेट्टीवार ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के कार्याध्यक्ष मुजफ्फर हुसैन, सांसद बालू धानोरकर, विधान परिषद के पूर्व उपसभापति माणिकराव ठाकरे, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव आशीष दुआ आदि उपस्थित थे।
Post a comment