गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। संगठन में कार्यकर्ता के रूप में किसी दायित्व में रह कर कार्य करना गौरव की बात है। हम जिस भी दायित्व में रहे, अपना कार्य ईमानदारी से करें।
संगठन के वैचारिक अधिष्ठान के प्रचार और प्रसार में कोई कोर कसर न छोड़े। सीएम सर्किट हाउस स्थित एनेक्सी भवन में भाजपा के गोरखपुर क्षेत्र के पदाधिकारियों के परिचयात्मक बैठक को संबोधित कर रहे थे। सीएम ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों से कहा कि आपको एक बहुत बड़े क्षेत्र की जिम्मेदारी मिली है इसलिए कार्य और व्यवहार से अपने को साबित करना होगा। जब संगठन और सरकार एक दल की हो तो जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। जनता ने जो विश्वास भाजपा को दिया है उस पर खरा उतरना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। केंद्र और प्रदेश सरकार ने हर क्षेत्र में कार्य करके विकास को गति दिया है। कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ताल ठोक कर रखें। जनता के बीच में सरकार की अच्छी धारणा बनाएं। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डाॅ. धर्मेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री समेत सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं गोरखपुर क्षेत्र प्रभारी अनूप गुप्ता, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डा. सत्येन्द्र सिन्हा, विश्वजिताशु सिंह आशू, महामंत्री प्रदीप शुक्ला,क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी बच्चा पांडेय नवीन, क्षेत्र के सभी जिलाध्यक्ष मौजूद रहे।
भाजपा केवल जिला पंचायत चुनाव लड़ेगी
योगी आदित्यनाथ ने पंचायत चुनाव की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए संगठन ने मानक तय किया है। भाजपा केवल जिला पंचायत का चुनाव लडेगी। बाकी पदों पर हमें हस्तक्षेप नहीं करना है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ग्राम पंचायतों में गलत लोग चुन कर चले जाए। हमारा प्रयास रहना चाहिए कि ग्राम पंचायतों में अच्छे लोग चुन कर जाएं और ये लोग भाजपा से भावनात्मक लगाव रखे। मुख्यमंत्री ने संगठन की मजबूती के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हर बूथ को जीतने के आह्वान को दोहराते हुए कहा कि जब सफलता संगठनात्मक होगी तो हमारा वैचारिक अधिष्ठान भी मजबूत होगा।
Post a comment