सेना का एक जवान शहीद
जम्मू
पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले में कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर अकारण संघर्षविराम का उल्लंघन किया। इस दौरान सीमा पार से भारी गोलाबारी की गई। भारतीय सेना के जवानों ने दुश्मन की गोलाबारी का कड़ा जवाब दिया। इस घटना में सेना के हवलदार निर्मल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। सैन्य प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि हवलदार निर्मल सिंह बहादुर और ईमानदार सैनिक थे। उनके सर्वोच्च बलिदान और कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए राष्ट्र हमेशा उनका ऋणी रहेगा।
अरुणाचल को चीन ने फिर बताया अपना हिस्सा
चीनी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि अरुणाचल में चीन की विकास और निर्माण गतिविधियां सामान्य और दोषारोपण से परे हैं। मंत्रालय ने यह बात अरुणाचल प्रदेश में चीन द्वारा एक नया गांव बनाने की खबरों पर प्रतिक्रिया में कही। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने एक मीडिया ब्रीफिंग में एक सवाल के जवाब में कहा कि जंगनान क्षेत्र (दक्षिण तिब्बत) पर चीन की स्थिति स्पष्ट और स्थिर है। हमने कभी भी तथाकथित अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं दी। चीन अरुणाचल प्रदेश को दक्षिण तिब्बत का हिस्सा बताता है, जबकि भारत हमेशा कहता रहा है कि अरुणाचल प्रदेश उसका अभिन्न और अखंड हिस्सा है। चुनयिंग ने कहा कि हमारे खुद के क्षेत्र में चीन की विकास और निर्माण गतिविधियां सामान्य हैं। उन्होंने कहा कि यह दोषारोपण से परे है, क्योंकि यह हमारा क्षेत्र है।
Post a comment