पूर्व विधायक का दावा- NDA में जाएंगे अध्यक्ष सहित 11 विधायक
पटना
बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। पार्टी के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गाेहिल की छुट्टी कर दी गई है। इस बीच कांग्रेस के लालगंज के पूर्व विधायक भरत सिंह ने दावा किया है कि पार्टी के 11 विधायक कभी भी राष्ट्रिय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल हाे सकते हैं। दावा है कि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं में प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा व कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता अजित शर्मा के भी नाम जुड़ सकते हैं। भरत सिंह ने कांग्रेस को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से अलग होने की भी सलाह दी है। कांग्रेस नेता के इस बयान पर बिहार में सियासत गर्म हो गई है। अजित शर्मा ने भी पलटवार किया है।
विदित हो कि पूर्व विधायक भरत सिंह कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा के पुराने विरोधी रहे हैं। बीते दिनों कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में उन्होने मदन मोहन झा सहित कई बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाते हुए धरना भी दिया था। अब उनका ताजा बयान भी मदन मोहन झा व अजित शर्मा सहित कई बड़े नेताओं को कटघरे में खड़ा कर रहा है।
Post a comment