मुंबई
कोरोना महामारी के बाद से बंद हुई आम नागरिकों के लिए लोकल सेवा अभी और पन्द्रह दिन तक आम नागरिकों के लिए उपलब्ध होना मुश्किल ही है। मनपा अगले पन्द्रह दिन परिस्थितियों का जायजा लेकर राज्य सरकार के पास अपना प्रस्ताव भेजेगी। जिसके बाद ही मुंबई में स्कूल और लोकल सेवा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा। इस तरह की जानकारी मनपा अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने दी ।
एक जनवरी के बाद आम नागरिकों को आसा थी कि उन्हें लोकल सेवा का उपयोग करने का मौका मिलेगा। आम नागरिकों को लोकल सेवा का उपयोग करने से छूट नहीं मिलने से नागरिकों में भारी रोष व्याप्त है। मुंबई के बाहर विरार, कर्जत, कसारा से आने वाले नौकरी पेशे वाले लोगों का बुरा हाल हो रहा है। राज्य सरकार अभी तक आम नागरिकों के लिए लोकल सेवा का उपयोग करने की मंजूरी देने पर निर्णय नहीं ले पा रही है। कोरोना की वैक्सीन भी अब आ चुकी है। देश के किसी भी राज्य में अब इस तरह की सेवा सुविधा से नागरिकों को वंचित नहीं रखा जा रहा है। मेट्रो जैसी सेवा शुरू हो चुकी है। मेट्रो निजी संस्था होने के कारण उनकी कमाई को ध्यान में रखकर उसे शुरू कर दिया गया, लेकिन लोकल सेवा नहीं शुरू हो सकी। मनपा अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने बताया कि अगले 15 दिन तक फिलहाल लोकल सेवा शुरू करने का विचार नहीं है। अतिरिक्त आयुक्त ने कहा कि मुंबई में स्कूल और लोकल सेवा अगले पन्द्रह का लेखा जोखा लेने के बाद ही शुरू करने पर विचार होगा। काकानी ने कहा कि ब्रिटेन में जिस तरह कोरोना दोबारा फैला और स्ट्रेन के रूप में दूसरा रूप सामने आया, उससे मनपा अभी फिलहाल कोई जल्दबाजी वाला निर्णय नही लेगी। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन से आने वाली फ्लाइट बंद कर दी गई थी जो अब फिर एक बार शुरू हो गई है। जिसके चलते मनपा प्रशासन फिलहाल स्कूल और लोकल सेवा शुरू करने पर कोई विचार नहीं कर रही है। पन्द्रह दिन तक कोरोना की परिस्थितियों का जायजा लेने के बाद ही निर्णय लिए जाने की उन्होंने जानकारी दी।
Post a comment