पिछले सात दिनों में प्रति 10 लाख आबादी पर दर्ज हुए 87 केस
नई दिल्ली
भारत में पिछले सात दिनों में प्रति दस लाख आबादी पर कोविड-19 के 87 नए मामले दर्ज किए जो कि अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, जर्मनी, ब्राजील, फ्रांस और इटली जैसे देशों की तुलना में विश्व में सबसे कम है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि इस अवधि में प्रति दस लाख आबादी पर मौत का केवल एक नया मामला सामने आया।
उसने कहा कि इस महामारी से मृत्यु दर 1.44 प्रतिशत होने के साथ कोविड-19 से भारत में होने वाली मौतें प्रति दस लाख आबादी पर दुनिया में सबसे कम में से एक हैं। मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में भी लगातार गिरावट आ रही है और यह आंकड़ा 2.13 लाख है, जो देश में संक्रमण के कुल मामलों का केवल 2.03 प्रतिशत है।
पिछले 24 घंटे में इस महामारी के 15590 नए मामले सामने आए जबकि इसी अवधि के दौरान 15975 लोग स्वस्थ हुए हैं। मंत्रालय ने कहा कि पिछले सात दिनों में प्रति दस लाख आबादी पर नए मामलों की संख्या केवल 87 थी। यह संख्या रूस, जर्मनी, ब्राजील, फ्रांस, इटली, अमेरिका और ब्रिटेन जैसे देशों की तुलना में कम है। देश में स्वस्थ हुए लोगों की कुल संख्या 10162738 है। मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 से ठीक होने वाले लोगों और उपचाराधीन मरीजों की संख्या के बीच अंतर लगातार बढ़ता जा रहा है और यह 99 लाख को पार कर गया है। उसने कहा कि इस महामारी से ठीक होने वाले ज्यादातर लोग, लगभग 81.15 प्रतिशत दस राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से हैं। केरल में एक दिन में सबसे अधिक 4337 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 3309 और छत्तीसगढ़ में 970 लोग ठीक हुए हैं। संक्रमण के कम से कम 77.56 प्रतिशत नये मामले सात राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से है। केरल में एक दिन में सबसे अधिक 5,490 नये मामले सामने आए। इसके बाद महाराष्ट्र में 3579 जबकि पश्चिम बंगाल में 680 नए मामले सामने आए। पिछले 24 घंटे में 191 और लोगों की इस महामारी से मौत हुई है।
Post a comment