पटना
बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार का काउंटडाउन शुरू है। जनता दल यूनाइटेड ने अपने संभावित मंत्रियों के नाम तय कर लिए हैं। केवल भारतीय जनता पार्टी को अपने कोटे के संभावित नामों की सूची को अंतिम रूप देना है। चर्चा है कि भाजपा ने भी अपने संभावित मंत्रियों के नाम तय तो कर लिए हैं, लेकिन इस पर दिल्ली की अंतिम मुहर का पार्टी को इंतजार है। इसके लिए भाजपा के कई दिग्गज नेता सुशील मोदी, नित्यानंद राय और राधामोहन सिंह जैसे नेता दिल्ली में जमे हुए हैं। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कई नामों की चर्चा है। इनमें शामिल भाजपा के शाहनवाज हुसैन की एंट्री तय मानी जा रही है।
भाजपा सूत्रों की मानें तो विधानसभा चुनाव में जीत से उत्साहित पार्टी का सारा फोकस इस बार सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधने पर है। यही वजह है कि संभावित मंत्रियों के नाम को अंतिम रूप देने में समय लग रहा है। जानकारी के मुताबिक जिस जाति के विधायकों की संख्या अधिक होगी, उसको मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिए जाने के भी कयास लगाए जा रहे हैं।
Post a comment