मुंबई
बॉलीवुड की मसाला फिल्मों में आपने हीरो की हेलीकॉप्टर से एंट्री खूब देखी होगी, लेकिन अहमदनगर जिले की संगमनेर तहसील के गांव में एक सरपंच शपथ लेने के लिए सीधे हेलीकॉप्टर से पहुंचे। मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तरह इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उनके स्वागत का जुलूस में 12 बैलगाड़ियां शामिल थीं। यह शपथग्रहण आंबी दुमाला गांव में हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार आंबी दुमाला गांव के निवासी जालिंदर गागरे की पुणे में कई कंपनियां हैं। उन्होंने गांव के कई युवकों को रोजगार दिया है। वे व्यावसायिक कारणों से पुणे में रहते हैं, लेकिन अपने गांव से जुड़े भी हुए हैं। उन्होंने गांव के समग्र विकास के उद्देश्य से चुनाव लड़ा और उनके पैनल ने बहुमत से नौ में से नौ सीटें जीतीं। संयोगवश इस बार सरपंच पद सामान्य व्यक्ति के लिए खुला था, ऐसे में जालिंदर गागरे सरपंच बन गए। गागरे का कहना है कि वे समारोह को यादगार बनाने के लिए हेलीकॉप्टर से आए थे। जिस तरीके से मुख्यमंत्री, मंत्रियों का शपथ ग्रहण होता है, उसी तरह ग्राम पंचायत सदस्य, सरपंच और उपसरपंच ने ग्राम विकास की शपथ ली। गांधीजी ने गांव की तरफ चलने का नारा दिया था, उसी उद्देश्य से गांव आया हूं।
Post a comment