मुंबई
डोंगरी पुलिस ने एमडी ड्रग्स का बड़ी संख्या में कारोबार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पांच लाख रुपए नकद भी पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने पहले इशाक हुसैन सय्यद को डोंगरी इलाके से गिरफ्तार किया। इसके बाद नवी मुंबई से वशीम शेख को गिरफ्तार किया गया, जबकि अंत में दीपक बंगेरा को 25 किलो एमडी ड्रग के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी यह ड्रग्स कहां से ला रहे थे, पुलिस अब इसकी जांच कर रही है।
पुलिस को डोंगरी इलाके में एक व्यक्ति द्वारा एमडी ड्रग्स बेचे जाने की गुप्त खबर मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और सबसे पहले 12 ग्राम एमडी के साथ उसे गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर नवी मुंबई के एक आरोपी को 56 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। छानबीन करते हुए पुलिस ने अंत में घाटकोपर में छापेमारी कर दीपक बंगेरा को 25 किलो एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया। डोंगरी पुलिस स्टेशन की सीनियर इंस्पेक्टर शबाना शेख के अनुसार नशे के खिलाफ हमारा अभियान जारी रहेगा। इसके साथ पुलिस को घर से दो इलेक्ट्रिक वजन कांटे, चम्मच और प्लास्टिक की थैलियों के साथ पांच लाख रुपए नकद भी मिले हैं।
Post a comment