जारी किया गलवान झड़प का वीडियो
नई दिल्ली
जून 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों के साथ झड़प में सैनिकों के मारे जाने की बात स्वीकार करने और उनकी संख्या बताने के बाद अब चीन ने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें झड़प के कुछ कथित अंश डाले गए हैं।
इस वीडियो के जरिए चीन ने मारे गए अपने सैनिकों की तस्वीरें दिखाई हैं तो झड़प के लिए उसने भारत पर आरोप मढ़े हैं। माना जा रहा है कि जिस तरह लद्दाख में महीनों तक अड़े रहने के बाद चीन को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा, उससे उसकी किरकिरी हुई है और इससे ध्यान हटाने के लिए वह प्रोपेगेंडा में जुट गया है।
आज अहम बैठक
सूत्रों ने बताया कि भारत और चीन की सेनाओं के बीच शनिवार को फिर एक कॉर्प्स कमांडर स्तरीय वार्ता का आयोजन होगा। इस वार्ता में दोनों पक्ष पूर्वी लद्दाख में संघर्ष के तीन बिंदुओं से पीछे हटने पर वार्ता करेंगे। इन तीन बिंदुओं में गोगरा, हॉट स्प्रिंग और डेपसांग शामिल हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दसवें दौर की कोर कमांडर स्तर की वार्ता वास्तविक नियंत्रण रेखा पर चीन की तरफ मोल्डो सीमा बिंदु पर शनिवार सुबह 10 बजे शुरू होगी। पैंगोंग झील क्षेत्र से सैन्य वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वरिष्ठ अधिकारी स्तर पर यह पहली वार्ता होगी।
सूत्रों ने कहा कि पैंगोंग झील के उत्तरी और दक्षिणी किनारों से सैनिकों की वापसी, अस्त्र-शस्त्रों तथा अन्य सैन्य साजो-सामान और बंकरों, तंबुओं तथा अस्थायी निर्माणों को हटाने का काम गुरुवार को पूरा हो गया। उल्लेखनीय है कि सैन्य वापसी की प्रक्रिया 10 फरवरी को शुरू हुई थी।
Post a comment