विधायक आशीष शेलार का सरकार पर निशाना
मुंबइ
पुणे में आयोजित एल्गार परिषद में हिंदू समाज पर विवादित टिप्पणी करने वाले शरजील उस्मानी की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ और आक्रमक हो गई है। उस्मानी की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक आशीष शेलार ने महाविकास आघाड़ी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। गुरुवार को शेलार ने कहा कि हिंदुओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले शरजील के खिलाफ मामला दर्ज करने और उसकी गिरफ्तारी में ठाकरे सरकार ने देरी क्यों की। धार्मिक भावनाओं को आहत करने की पृष्ठभूमि के बावजूद एल्गार परिषद को अनुमति क्यों दी गई।
शेलार ने कहा कि इसका जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिए। केस दर्ज होने तक शरजील को मुंबई से भगाने में किसने मदद की, इसकी भी पूरी जांच होनी चाहिए। हिंदुत्व वाले मुद्दे पर सीएम ठाकरे के बयान का जवाब देते हुए शेलार ने कहा कि हम नागपुर कार्यालय में कई बार मिल चुके हैं जहां हिंदुत्व का वास्तविक वर्ग है। जो लोग भाजपा को सत्ता से दूर कर करने के इरादे से सत्ता में आए थे, अब वही अपनी ही मूल विचारधारा से भटक गए है।
शिवसेना की भूमिका पर सवाल
कृषि कानून को लेकर शेलार ने कहा कि शिवसेना कृषि कानून पर दोहरी भूमिका निभा रही है। एक तरफ लोकसभा में कानून को लेकर अलग तो राज्यसभा में दूसरी भूमिका, आजाद मैदान में किसान द्वारा निकाले गए आंदोलन में तीसरी भूमिका नजर आती है।
Post a comment