मानखुर्द फ्लाईओवर, मियावाकी वनीकरण का निरीक्षण
मुंबइ
पर्यावरण और पर्यटन मंत्री तथा मुंबई उपनगर के पालक मंत्री आदित्य ठाकरे ने गुरुवार को चेंबूर तथा मानखुर्द में विभिन्न जगहों पर विकास कार्यों का निरीक्षण किया।
इस निरीक्षण दौरे की शुरुआत में आदित्य ठाकरे ने मानखुर्द फ्लाई ओवर के काम का निरीक्षण किया। इस पुल की कुल लंबाई 2.9 किलोमीटर है। इसमें से 2.5 किलोमीटर लंबाई का काम लगभग पूरा हो चुका है। शेष 400 मीटर का काम भी पूरा होने वाला है। आने वाले मानसून से पहले फ्लाई ओवर जनता के लिए खोल दिया जाएगा। घाटकोपर-मानखुर्द के बीच देवनार डंपिंग जंक्शन के साथ-साथ वेस्टर्न एक्सप्रेस-वे के जरिए मुंबई से बाहर जाने या नवी मुंबई जाने के लिए यह महत्वपूर्ण सड़क है। ऐसे में मुंबई
महापालिका ने इस पुल का निर्माण कार्य तेजी से पूरी किया है। इस तरह की जानकारी इस मौके पर दी गई। निरीक्षण के दौरान, मुंबई मनपा के अतिरिक्त आयुक्त पी वेलारसू, मुख्य अभियंता राजन तलकर, उपायुक्त अनंत कदम और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। पालक मंत्री ने चेंबूर के भक्ति पार्क में मियावाकी पद्धति से किए गए वनीकरण का मुआयना किया। पिछले साल 26 जनवरी को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ आदित्य ठाकरे ने मुंबई महापालिका के एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण की शुरुआत की गइ थी। उस वक्त 21,000 पेड़ लगाए गए थे। अब वहां 57,000 पेड़ लगाए गए हैं। अगले दो महीनों में और 12,000 पेड़ लगाए जाएंगे।
इस साल के अंत तक महापालिका मुंबई में कम से कम तीन लाख मियावाकी पद्धति से पेड़ लगाने का इरादा रखती है। इस संबंध में आदित्य ठाकरे ने कहा कि वनों का संरक्षण करना महत्वपूर्ण है। हमारा प्रयास है कि इस तरह से शहरों में वनों का निर्माण कर पर्यावरण का संरक्षण किया जाए। उन्होंने माहुल नाला के मैंग्रोव वन परिसर का भी निरीक्षण किया।
Post a comment