पिंपरी
ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों पर हमले की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पिंपरी-चिंचवड़ से सटे चाकण चौक का है। यहां ट्रैफिक कंट्रोलिंग के दौरान मामूली विवाद में दो लोगों ने एक ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी के सिर में रॉड मारकर उस पर हमला किया गया। इस हमले में बेहोश पुलिसकर्मी का अस्पताल में इलाज जारी है। वारदात को लेकर चाकण पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है, वहीं क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार की दोपहर तलेगांव-चाकण रोड पर चाकण चौक में हुई इस वारदात में घायल ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी का नाम रविंद्र नामदेव करवंदे (30) है। उनका एक स्थानीय निजी अस्पताल में इलाज जारी है। करवंदे पर हमला करने के आरोप में पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम ने रोहित बाबू सालवी (20) और हर्षदीप भारत कांबले (22) नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन दोनों ने भी वारदात स्वीकार कर ली है। उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए चाकण पुलिस के हवाले किया गया है।
Post a comment