PM मोदी, सीएम और डिप्टी सीएम ने जताई संवेदना
कटिहार
मंगलवार की सुबह कटिहार जिले के एनएच 31 पर कुर्सेला थाना क्षेत्र में एक भीषण रोड हादसा हुआ। कोसी पुल पर एक स्कार्पियो व ट्रक की टक्कर हो गई। इस घटना में स्काॅर्पियो के चालक समेत छह लोगों की मौत हो गई। तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जख्मी का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। सभी मृतक समस्तीपुर जिले के रोसड़ा के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंधित थे।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बिहार के कटिहार में हुई एक सड़क दुर्घटना में कुछ लोगों की मृत्यु हो जाने की दुखद जानकारी उन्हें मिली है। पीएम ने मृतक के स्वजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट किया है। साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
यहां बता दें कि कल भी कटिहार में सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत और आधे दर्जन लोग जख्मी हो गए थे। सभी एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसके अलावा कल कटिहार, खगडिया, सुपौल और भागलपुर में कई जगहों पर सड़क हादसे में दर्जनों लोगों की मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह एन एच 31 पर कुरसेला थाना क्षेत्र के कोसी पुल पर एक स्कार्पियो व ट्रक की टक्कर में स्कार्पियो के चालक समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए। सभी मृतक समस्तीपुर जिले के रोसड़ा वार्ड नंबर दो के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंधित थे। वे लोग कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र स्थित पचमा फुलवरिया गांव एक लड़के के छेका के लिए आए थे। यहां से लौटने के के दौरान सुबह करीब छह बजे यह घटना घटी है। मृतकों में शिवजी महतो, नंदलाल महतो, राजकुमार, अजय महतो, रामस्वरुप साह एवं संतोष कुमार शामिल हैं। घायलों में कैलाश महतो, अर्जुन महतो व सुनील महतो का इलाज फिलहाल चल रहा है। तीनों की स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे के कारण तकरीबन दो घंटे तक एन एच पर जाम लगा रहा और घटनास्थल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार शिवजी सिंह अपनी पुत्री के लिए लड़का देखने स्वजनों व रिश्तेदारों के साथ पंचमा निवासी जनकलाल चौधरी के घर आए थे। यहां से सुबह साढ़े बजे के करीब वे लोग स्कार्पियो से समस्तीपुर के लिए रवाना हुए थे। लगभग साढ़े पांच बजे यह घटना घटी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच स्थिति की जानकारी ली और सभी शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया है। इसकी सूचना मृतकों के स्वजनों को भी दे दी गई है। बता दें कि सोमवार को भी एनएच 31 पर समेली के समीप ट्रक व आटो की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। एन एच पर वाहनों की बेलगाम रफ्तार लगातार दुर्घटना का सबब बन रहा है। एनएच पर डिवाइडर नहीं होना भी घटना का एक अहम कारण माना जाता है।
Post a comment