नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर रेडियो श्रोताओं को शुभकामनाएं दीं और इसे सामाजिक जुड़ाव को गहरा करने वाला 'एक शानदार माध्यम' बताया। उन्होंने यह भी कहा कि अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के माध्यम से व्यक्तिगत रूप से रेडियो के सकारात्मक प्रभाव का अनुभव किया है। विश्व रेडियो दिवस पर उन्होंने ट्वीट करके कहा,'विश्व रेडियो दिवस की शुभकामनाएं! सभी रेडियो श्रोताओं को शुभकामनाएं। रेडियो को नवीन विषय और संगीत से गुलजार रखने वाले प्रशंसा के पात्र हैं। यह एक शानदार माध्यम है, जो सामाजिक जुड़ाव को गहरा करता है। मैं व्यक्तिगत रूप से मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से रेडियो के सकारात्मक प्रभाव का अनुभव किया है।' गौरतलब है कि मासिक रोडियो शो 'मन की बात' देश में काफी लोकप्रिय है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामान्य सामाजिक मुद्दों और दैनिक जीवन से संबंधित अन्य विषयों के बारे में बात करते हैं। इसके अलावा वह समाज के बेहतरी और किसी क्षेत्र में प्रशंसा योग्य काम करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करते हैं। 'मन की बात' का पहला एपिसोड 3 अक्टूबर 2014 को प्रसारित किया गया था। इसके बाद से हर महीने के आखिरी रविवार को रेडियो पर इसका प्रसारण होता है। 31 जनवरी, 2021 को इसका पिछला एपिसोड प्रसारित हुआ था। अब तक 73 एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं। अगला एपिसोड 28 फरवरी को प्रसारित होगा।
Post a comment