पटना
केंद्र सरकार की ओर जारी 2021-22 के आम बजट में रेल मंत्रालय की ओर से इस बार भी बिहार को काफी कुछ मिला है। इस बार रेल बजट में पूर्व मध्य रेल को 4844 करोड़ की राशि रेल परियोजनाओं को पूरा करने के लिए मिली है। इसके साथ ही आंतरिक संसाधन, पीपीपी सहित अन्य माध्यमों से 6827.53 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। रेल बजट में बिहार के आरा जंक्श्न से उत्तर प्रदेश के बलिया स्टेशन के बीच नई रेल लाइन बनाने का प्रविधान किया गया है।इस नई रेल लाइन से बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बढ़ेगी। आरा जंक्शन, पटना और पंडित दीनदयाल उपाध्याय यानी मुगलसराय जंक्शनों के बीच दिल्ली-हावड़ा मेन रेल लाइन पर एक प्रमुख स्टेशन है। इसी तरह बलिया, बिहार के छपरा और उत्तर प्रदेश के वाराणसी के बीच प्रमुख स्टेशन है।
आरा जंक्शन दिल्ली-हावड़ा ग्रैंड कॉर्ड रेल लाइन के सासाराम स्टेशन से भी जुड़ा हुआ है। नई रेल लाइन बिछाए जाने के बाद आरा जंक्शन से चार दिशाओं में रेल यातायात बहाल होगा। रेलवे का चौराहा बनने के बाद आरा स्टेशन का तेजी से विकास होगा। आरा जंक्शन से झारखंड के लिए ट्रेनें खुलती हैं। नई रेल लाइन बनने के बाद आरा के रास्ते उत्तर प्रदेश की ट्रेनें झारखंड और पश्चिम बंगाल तक जा सकेंगी।
Post a comment