दीदी मंदिर में कर रहीं चंडी पाठ
कोलकाता
यूपी के सीएम योगी ने कहा कि 2 मई के बाद TMC के गुंडों को चुन-चुनकर सजा दिलाई जाएगी। बंगाल में अब अराजकता का वक्त खत्म हो रहा है। पश्चिम बंगाल के सियासी घमासान में मंगलवार को भाजपा के दिग्गज नेता जनता का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे पहले योगी ने पुरुलिया में रैली को संबोधित किया। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता दीदी जय श्री राम के नारे से चिढ़ती हैं। 2014 से पहले लोग मंदिर में जाने से डरते थे, अब ममता दीदी भी मंदिर में जाकर चंडी पाठ कर रही है। एक बार राहुल भी मंदिर में गए थे, तो वहां उनके बैठने के तरीके पर पुजारी ने टोका।
2 मई के बाद TMC सरकार की विदाई तय
मैं कृष्ण और राम की धरती से आया हूं, बंगाल हमेशा से ही परिवर्तन की धरती रही है। बंगाल ने देश को राष्ट्रगान भी दिया और वंदे मातरम भी दिया। बंगाल के लोगों की पीड़ा अधिक दिन तक नहीं रहेगी। तृणमूल कांग्रेस की गुंडागर्दी नहीं चलेगी। 2 मई के बाद TMC सरकार की विदाई तय है।
बंगाल की जनता ममता को बर्दाश्त नहीं करेगी
हमारे जीवन से कोई राम को अलग नहीं कर सकता। जो राम से हमें अलग करने का प्रयास करेगा, उसे सत्ता से वंचित होना पड़ेगा। ममता दीदी ने राम का विरोध करके तय कर लिया है कि अब बंगाल की जनता उन्हें बर्दाश्त नहीं करेगी।
TMC ने बंगाल को खोखला बना दिया
कांग्रेस, कम्युनिस्टों, और TMC ने बंगाल को खोखला बना दिया। बंगाल को कांग्रेस कम्युनिस्टों और TMC के गुंडों का अड्डा नहीं बनने देना है। TMC सरकार गौ तस्करी करके गौ माता को कटने के लिए पहुंचा देती है। यूपी में हम गौ तस्करी नहीं होने देते हैं और गाय को कटने भी नहीं देते हैं। यहां अवैध घुसपैठ के कारण यहां के गरीबों का राशन अवैध रूप से घुसपैठ करने वाले खा जाते हैं।
बंगाल में अब अराजकता का वक्त खत्म हो रहा
2 मई के बाद TMC के गुंडों को चुन-चुनकर सजा दिलाई जाएगी। बंगाल में अब अराजकता का वक्त खत्म हो रहा है। भाजपा की सरकार आते ही अराजकता को रफा-दफा कर दिया जाएगा। मेरी सभा में लोगों को आने से रोका जा रहा है। मुझे कहा गया कि यहां भीड़ नहीं होगी, लेकिन अब सभी बंधनों को तोड़कर लोग यहां पर आ गए हैं।
Post a comment