कंपनी को लगाया आठ लाख का चूना
मुंबइ
ऑनलाइन ऑर्डर देने के बाद, नकली सामानों की डिलीवरी और सामानों की चोरी होने की कई शिकायतें मिलने के बाद फ्लिपकार्ट कंपनी के डिलीवरी ब्वॉय को गिरफ्तार किया गया है। फ्लिपकार्ट द्वारा भेजे गए सामान को वास्तविक ग्राहकों को दिए बिना, गलत पते पर महंगी वस्तुओं की डिलीवरी दिखाकर लाखों रुपए हड़पने वाले डिलीवरी ब्वॉय का नाम संघपाल मोरे है।
नवी मुंबई पुलिस के अनुसार ऐरोली में रहने वाला आरोपी संघपाल मोरे फ्लिपकार्ट के लिए डिलीवरी ब्वॉय के रूप में काम करता था। वह अपने दो दोस्तों को फर्जी पते पर महंगे मोबाइल, लैपटॉप, टैब, घड़ी, ट्रैवल बैग आदि देता था। डिलीवरी का सामान लेने के बाद, दिए गए मोबाइल नंबर को बंद कर दिया जाता था। आरोपी यह दिखाते थे की ग्राहक तीन बार जाने के बाद भी नहीं मिला। इसके बाद पार्सल में साबुन, प्याज और आलू भर दिया जाता था। बाद में पार्सल बॉक्स को गोदाम में जमा किया जाता था।
कंपनी को घटना के बारे में पता चलते ही, कोपरखैरने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच से पता चला है कि आरोपी ने फर्जी पता देकर आठ लाख 24 हजार रुपए का कीमती सामान चुरा लिया। डिलीवरी ब्वॉय के साथ ही मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
Post a comment